hayana

रिवर फ्रंट व हमीदा पार्क प्रोजेक्ट को मिली प्रशासकीय स्वीकृति, तकनीकी स्वीकृति की प्रक्रिया शुरू

यमुनानगर। शहर के विकास कार्यों को लेकर विधायक घनश्याम दास अरोड़ा व मेयर सुमन बहमनी ने वीरवार को नगर निगम आयुक्त अखिल पिलानी व अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में निगम के अलावा जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। बैठक में हमीदा हैड के पास नौ एकड़ में पार्क बनवाने, पश्चिमी यमुना नहर किनारे रिवर फ्रंट बनाने, बाड़ी माजरा में आईपीएस बनवाने, बाड़ी माजरा में सीवरेज कनेक्शन, भगवानगढ़ में बैडमिंटन हॉल बनाने, खजूरी रोड पर नाला बनवाने, शादीपुर में जोहड़ की सफाई कराने, दड़वा श्मशान घाट का निर्माण कराने, कैनाल रेस्ट हाउस सड़क का निर्माण कराने, दशहरा ग्राउंड में फुटपाथ व बेंच लगवाने, बाड़ी माजरा पुल पर स्ट्रीट लाइट लगाने, आजाद नगर में सामुदायिक केंद्र बनवाने समेत विभिन्न विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।

नगर निगम आयुक्त अखिल पिलानी ने बैठक में जानकारी देते हुए बताया कि हमीदा हैड के पास दलदल पड़ी जमीन में लगभग नौ एकड़ में भव्य पार्क विकसित किया जाना है। लगभग 6.13 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस पार्क को प्रशासकीय स्वीकृति मिल चुकी है। तकनीकी स्वीकृति के लिए फाइल भेजी गई है। स्वीकृति मिलते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। जिसके बाद पार्क निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा। इसी तरह पुराना सहारनपुर रोड के फतेहपुर पुल से लेकर बाड़ी माजरा पुल तक पश्चिमी यमुना नहर के किनारे रिवर वाटर फ्रंट बनाने के प्रोजेक्ट को भी प्रशासकीय स्वीकृति निदेशालय द्वारा दे दी है। इस कार्य की फाइल भी तकनीकी स्वीकृति के लिए प्रक्रिया में है। प्रोजेक्ट के तहत लगभग 600 मिलीमीटर चौड़ा लैंडस्केप एरिया होगा। जिसमें 2000 मिमी चौड़ा फुटपाथ, निकासी के लिए नाली, 1050 मिमी ऊंची पत्थर की दीवार पर 1200 मिमी ऊंची बाड़ लगाने वाली जाली लगेगी। इसके अलावा चौड़ी सड़क व फुटपाथ के साथ फेंसिंग, उद्यान, बैठने के लिए सुंदर व आकर्षक डिजाइन के बैंच, फैंसी लाइटिंग, हरियाली व अन्य व्यवस्थाएं की जाएंगी। नहर किनारे रिवर वाटर फ्रंट विकसित होने से शहर को एक नया रूप मिलेगा और लोगों को नहर के किनारे आनंद लेने का मौका मिलेगा। बैठक में शहर के कई अहम मुद्दों व विकास कार्यों पर भी चर्चा की गई। विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने कहा कि यमुना नहर किनारे रिवर फ्रंट बनाना और हमीदा हैड के पास पार्क बनाना उनकी ड्रीम प्रोजेक्ट है। ये दोनों प्रोजेक्ट बनने से हमारा शहर पर्यटन क्षेत्र में उभरकर सामने आएगा। हमारा मुख्य लक्ष्य अपने शहर को प्रदेश का सबसे सुंदर व स्वच्छ शहर बनाना है। इस लक्ष्य को पूरा करने में सभी अधिकारी आपस में तालमेल बनाकर और दृढ़ संकल्पित होकर कार्य करें। निगम आयुक्त अखिल पिलानी ने विधायक अरोड़ा को दोनों प्रोजेक्ट व अन्य विकास कार्य जल्द शुरू कराने का आश्वासन दिया। बैठक अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार, उप निगम आयुक्त कुलदीप सिंह, पार्षद विभोर पाहुजा, एक्सईन मनोज कुमार, जन स्वास्थ्य विभाग के एक्सईएन दिनेश गाबा, निगम अभियंता मुनेश्वर भारद्वाज, दीपक सुखीजा, राजेश शर्मा, सीएसआई अनिल नैन, सीएसआई हरजीत सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहें।

Uday News Live

Related Articles

Back to top button