hayana

ऑपरेशन सिंदूर की ऐतिहासिक सफलता के उपलक्ष्य में रादौर में एक भव्य तिरंगा यात्रा का किया गया आयोजन

रादौर/यमुनानगर 18 मई- ऑपरेशन सिंदूर की ऐतिहासिक सफलता के उपलक्ष्य में आज रादौर में एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम में हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने विशेष रूप से शिरकत की। तिरंगा यात्रा का शुभारंभ रादौर की अनाज मंडी से हुआ और यह शहर के प्रमुख बाजारों से गुजरती हुई पुन: अनाज मंडी में संपन्न हुई। यात्रा के दौरान स्थानीय नागरिक, युवा, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि हाथों में तिरंगा लेकर देश भक्ति के नारों से वातावरण को गुंजायमान करते नजर आए। 
इस अवसर पर मंत्री श्याम सिंह राणा ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा ऑपरेशन सिंदूर भारतीय सेना की अद्भुत रणनीति, साहस और देशभक्ति का प्रतीक है। यह केवल एक सैन्य अभियान नहीं, बल्कि भारत की संप्रभुता, सुरक्षा और आत्मबल का संदेश है। हमारी सेना ने जिस प्रकार इस अभियान को अंजाम दिया है, उस पर पूरा देश गर्व महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर एक मजबूत और निर्णायक छवि बनाई है। ऑपरेशन सिंदूर इसी नीति का परिणाम है, जिसमें आतंक और दुश्मन ताकतों को करारा जवाब दिया गया है।
इस अवसर पर भारी संख्या में उपस्थित युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने कृषि मंत्री की अगुवाई में तिरंगा यात्रा में भाग लिया और देश के वीर सैनिकों व ऑपरेशन सिंदूर में शहीद हुए सैनिकों के सम्मान में चलाई जा रही इस मुहिम में बढ़-चढ़ कर योगदान दिया।
कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने तिरंगा यात्रा से पूर्व उपस्थित लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज का दिन राष्ट्रभक्ति के जज्बे और बलिदान की भावना को सच्ची श्रद्धांजलि देने का अवसर है। हम यहां तिरंगा यात्रा के माध्यम से उन महान सपूतों को नमन करने के लिए एकत्रित हुए हैं, जिन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के तहत देश की रक्षा की और चार दिनों में ही पाकिस्तान को घुटनों पर लाने का काम किया। उन्होंने कहा कि वे उन वीर सैनिकों को नमन करते हैं जिन्होंने ऑपरेशन सिंदूर में भाग लिया। उन्होंने कहा कि हरियाणा की वीर भूमि से लाखों जवान भारत माता की सेवा के लिए तत्पर रहते हैं। हमारे गांव-गांव के जवान वीरता की मिसाल बन चुके हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का यह संदेश पूरी दुनिया ने सुना कि भारत अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए किसी भी हद तक जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारी सेनाओं ने ऑपरेशन सिंदूर में आतंकवादियों के अड्डों को नेस्तनाबूद कर पाकिस्तान को स्पष्ट संदेश दिया कि भारत की संप्रभुता पर हमला करने का अंजाम बहुत बुरा होता है। ऑपरेशन सिंदूर में सेना ने पाकिस्तान के आतंकी ठिकाने और पाकिस्तान के एयरबेस को ध्वस्त किया।
कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि जब अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सीजफायर की बात हुई, तो भारत ने फिर संयम और शांति की मिसाल पेश की। वह केवल एक सैन्य निर्णय नहीं, बल्कि मानवीयता की ओर उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का ही परिणाम है कि आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की जा रही है, सेना का सशक्तिकरण किया गया है और दुनिया में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है।
मंत्री ने युवाओं से अपील की कि वे देश की एकता और अखंडता के लिए सदैव तत्पर रहें और भारत के भविष्य निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं। तिरंगा यात्रा के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं, पंचायत प्रतिनिधियों, नगर पालिका सदस्यों तथा बड़ी संख्या में आम जनता की भागीदारी ने इसे ऐतिहासिक बना दिया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सपरा, पूर्व विधायक ईश्वर सिंह पलाका, रजनीश मेहता, चेयरमैन नगर पालिका रादौर रामनिवास गर्ग, नेपाल राणा, चेयरमैन ब्लॉक समिति रादौर विपिन कांबोज, चेयरमैन कोऑपरेटिव बैंक धर्म सिंह बंसल, महामंत्री सतीश सैनी, धनपत सैनी, रवींद्र सैनी, चरण सिंह टॉपरा, डॉक्टर ऋषि पाल सैनी, सतपाल कांबोज मंधार आदि उपस्थित रहे।

Uday News Live

Related Articles

Back to top button